
इंदौर. गौतमपुरा पुलिस ने अवैध शराब का परिवहन करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. उसके पास से 9 पेटी देशी प्लेन शराब और बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की गई है. जब्त माल की कीमत 36 हजार बताई गई है.
सोमवार को उप निरीक्षक नगेंद्र सिंह भदौरिया को सूचना मिली थी कि ग्राम अत्याना की ओर से एक व्यक्ति सफेद रंग की बिना नंबर की कार में अवैध शराब लेकर आ रहा है. इसके बाद पुलिस टीम ने ग्राम बलौड़ा के पहले ट्रेचिंग ग्राउंड के पास घेराबंदी कर कार को रोका. तलाशी लेने पर डिक्की से देशी प्लेन शराब के 450 मर्टर मिले, जिनकी मात्रा 81 बल्क लीटर है. शराब की कीमत 36 हजार रुपए आंकी गई है.
पुलिस ने कार चालक हरिओम पिता विष्णु मौर्य उम्र 25 साल, निवासी पाम बछौड़ा, थाना गौतमपुरा को गिरफ्तार कर शराब और कार जब्त कर ली. मामले में थाना प्रभारी अलका मेनिया ने बताया कि आरोपी के पास शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं मिला, मामले में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. आरोपी से अन्य मामले में भी पूछताछ की जा रही है.
