
ग्वालियर। गोराघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंध नदी के पास कोटरा पुलिया के सामने मिले अज्ञात व्यक्ति के शव मामले में जांच अब स्पष्ट रूप से हत्या की ओर बढ़ चुकी है। मृतक के गले पर गला दबाने के साफ निशान मिले हैं, जिससे गले के चारों ओर काला घेरा बन गया है। इससे यह साफ प्रतीत हो रहा है कि अज्ञात व्यक्ति की हत्या गला दबाकर की गई है। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। शव झाड़ियों में पड़ा मिला, जिसके सिर और चेहरे पर भी गंभीर चोटों के निशान हैं। आशंका है कि अज्ञात आरोपियों ने रात के अंधेरे में हत्या कर शव को सिंध नदी के पास कोटरा पुलिया के सामने फेंक दिया। मामले की विवेचना गोराघाट थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक मान सिंह धनौले द्वारा की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
