रीवा: रोझौही में प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में ग्रामीणों द्वारा चलाया जा रहा ‘चिता आंदोलन’ शुक्रवार को सातवें दिन भी जारी रहा. आंदोलन को मिल रहे व्यापक जनसमर्थन के चलते प्रदर्शनकारियों का कारवां दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है.लेकिन प्रशासन अभी इस पर ध्यान नही दे रहा है. स्थ्ज्ञानीय लोगों का आक्रोश बढ़ रहा है. आंदोलन के सातवें दिन ग्रामीणों के समर्थन में ‘देश बचाओ आध्यात्मिक राष्ट्रीय पुनर्जागरण अभियान’ के राष्ट्रीय प्रचारक मुद्रिका प्रसाद त्रिपाठी, वार्ड 15 के जिला पंचायत सदस्य लालमणि त्रिपाठी, गांधी विचार मंच के समाजसेवी रामेश्वर गुप्ता, देवेंद्र मिश्रा और भगवानदीन शुक्ला सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामवासी धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया.
उपस्थित समाजसेवियों और जन प्रतिनिधियों ने कहा कि रोझौही में प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट ना केवल सरई रोझौही वासियों के लिए घातक है बल्कि रीवा मऊगंज सहित पूरे विंध्य के लिए खतरनाक है. बताया गया कि वर्तमान सरकार अशांति रूपी शांति बिल 2025 लाकर निजी कंपनियों के हवाले पूरे मप्र को कर रही है जहां न केवल एक बल्कि 7 न्यूक्लियर पावर प्लांट लगाए जाने के लिए स्थल प्रस्तावित हुए हैं ऐसे में मप्र जो अब तक शांति का टापू और भारत की ह्रदयस्थल माना जाता था वह अब अशांति का ज्वालामुखी बन जाएगा.
गौरतलब है कि न्यूक्लियर पावर प्लांट परियोजना को रद्द करने की मांग को लेकर स्थानीय ग्रामीण और आसपास के कई ग्रामों के लोग लंबे समय से संघर्षरत हैं. ‘चिता आंदोलन’ से पूर्व प्रदर्शनकारियों द्वारा अपनी मांगों के समर्थन में ‘जल सत्याग्रह’ और ‘आमरण अनशन’ भी किया जा चुका है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल न होने के कारण आंदोलन ने अब उग्र रूप ले लिया है. धरना स्थल पर मौजूद आंदोलनकारियों ने सरकार को दो-टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस न्यूक्लियर पावर प्लांट परियोजना को जल्द से जल्द वापस नहीं लिया गया, तो सभी आंदोलनकारी इसी चिता में अपने प्राण त्याग देंगे. बढ़ते जनसैलाब और प्रदर्शनकारियों की इस चेतावनी के बाद क्षेत्र में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है. अब देखना है कि आगे क्या होता है
