
जबलपुर: मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र में संचालित सरकारी स्कूलों की बदहाली और अव्यवस्था को लेकर क्षेत्रीय जनता ने मंगन सिद्दीकी के नेतृत्व में जिला कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि स्कूल भवनों की छतें जर्जर हालत में हैं, ठंड के मौसम में तिरपाल लगाकर बच्चों को पढ़ाई करनी पड़ रही है। कई स्कूलों में पीने के पानी और शौचालय की समुचित व्यवस्था तक नहीं है, जिससे विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई कि स्कूलों की आधारभूत सुविधाओं को तत्काल दुरुस्त कराया जाए। साथ ही गोहलपुर हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी का दर्जा देने की भी मांग रखी गई, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए भटकना न पड़े। इस अवसर पर इलियास अंसारी, गुलाम नबी, नौशाद बक्स, फरहत कुरैशी, समशुल हसन, सोनू होटल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।
