जिले में पुल-पुलियों के ऊपर से बह रहा पानी, दर्जनों गांवों का संपर्क टूटा

सतना : जिले में हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है. लगातार हो रही तेज बारिश के कारण समूचे क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो गए हैं. नदी, नाले और बरसाती रपटे पूरी तरह उफान पर हैं, जिससे सतना और चित्रकूट का सड़क संपर्क कई ग्रामीण इलाकों से कट गया है. सबसे गंभीर स्थिति कोठी थाना अंतर्गत पुरवा गांव से सामने आई है, जहां सेमरावल नदी अपने पूरे रौद्र रूप में बह रही है. नदी का जलस्तर इतनी तेजी से बढ़ा है कि पानी आसपास की सड़कों और पुल-पुलियों के ऊपर से बहने लगा है. नदी के बढ़ते जलस्तर ने तटीय बस्तियों के निवासियों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो चुका

बारिश का सबसे खौफनाक असर नागौद कस्बे में देखने को मिला. जहां क्षेत्र की कानून-व्यवस्था संभालने वाला नागौद थाना परिसर ही पानी में डूबा रहा थाने के दफ्तरों और परिसर में घुटनों तक पानी भरने से पुलिसकर्मियों को कामकाज निपटाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी. वहीं नागौद और शहर के निचले रिहायशी इलाकों में स्थिति बदतर हो चुकी है. कई कॉलोनियों में सड़क और नालियों का अंतर समाप्त हो गया है.बरसाती पानी लोगों के घरों के ड्राइंग रूम और किचन तक घुस गया, जिससे अनाज और गृहस्थी का सामान भीग कर बर्बाद हो गया.इस जलभराव ने नगर पालिका व स्थानीय प्रशासन के जल निकासी और मानसून पूर्व तैयारियों के दावों की हवा निकाल दी है.

गंभीर होते हालात को देखते हुए जिला व पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है.कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस बल को मुस्तैद कर दिया गया है.उफान पर बह रहे रपटों, पुलों और संवेदनशील जलभराव वाले रास्तों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है ताकि कोई भी राहगीर पानी पार करने की कोशिश न करे. प्रशासन ने मुनादी करवाकर लोगों को उफनते नदी-नालों से दूर रहने और आपात स्थिति में कंट्रोल रूम से संपर्क करने की हिदायत दी है.मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी बरकरार रखी है

तीन दिन बाधित रहेगी बिजली

जैतवारा क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और भीषण जलभराव के चलते जैतवारा विद्युत कंट्रोल रूम में पानी भर गया है. कई स्थानों पर 11 केवी व एलटी लाइनों के पोल गिरने से आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है.नदियों के उफान पर होने से सुधार कार्य में बाधा आ रही है.विद्युत विभाग के अनुसार व्यवस्था पूरी तरह बहाल होने में 2 से 3 दिन का समय लग सकता है.विभाग ने उपभोक्ताओं से पानी का पर्याप्त भंडारण रखने और गिरे खंभों व टूटे तारों से दूर रहने की अपील की है.

Next Post

अफगानिस्तान के खिलाफ किसका चलेगा बल्ला? कोहली-रोहित के बाद इस भारतीय बल्लेबाज का है सबसे शानदार रिकॉर्ड

Sun Aug 30 , 2026
नयी दिल्ली, अफगानिस्तान के खिलाफ T20I में कोहली-रोहित के बाद किस भारतीय बल्लेबाज के नाम हैं सबसे ज्यादा रन? जानें सभी एक्टिव खिलाड़ियों के आंकड़े। अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की तीन मैचों की T20 सीरीज जल्द शुरू होने वाली है। एशियन गेम्स से पहले यह सीरीज भारतीय टीम के लिए […]

You May Like