छतरपुर। जिले के बकस्वाहा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल तस्वीर एक बार फिर सामने आई है। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को समय पर एम्बुलेंस सुविधा नहीं मिल सकी, जिसके चलते उसे निजी वाहन से जिला अस्पताल भेजना पड़ा। इस घटना ने क्षेत्र की आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, सेमरा सनौदा निवासी 46 वर्षीय माधव लोधी हीरापुरा से बकस्वाहा आ रहे थे। इसी दौरान दुल्हादेव मंदिर के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल बकस्वाहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हालांकि, रेफर किए जाने के बाद अस्पताल प्रशासन द्वारा एम्बुलेंस की व्यवस्था नहीं हो सकी। करीब तीन घंटे तक इंतजार के बावजूद कोई एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं हुई। अंततः परिजनों और स्थानीय लोगों ने निजी वाहन की व्यवस्था कर घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। इस घटना से क्षेत्र में एम्बुलेंस सेवाओं की लचर व्यवस्था उजागर हुई है। स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग से एम्बुलेंस व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की है, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।
