
छतरपुर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरवई थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोमवार–मंगलवार की दरमियानी रात पुलिस ने रानीखेड़ा–खुड़ेही रोड पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से 800 ग्राम गांजा, एक अपाचे मोटरसाइकिल और 6 हजार रुपये नकद जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस को रात्रि गश्त के दौरान गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद खुड़ेही रोड स्थित नहर की पुलिया के पास बाइक से जा रहे संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गांजा विक्रेता के बारे में जानकारी दी, जिसके आधार पर तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में रविराज उर्फ रवि खंगार निवासी सरवई, बबलू पटेल निवासी ग्राम ओदी और गांजा विक्रेता प्रेम नारायण पटेल निवासी अम्हापुरवा (थाना सरवई) शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई छतरपुर पुलिस के नशा मुक्ति अभियान का हिस्सा है। पुलिस के अनुसार, हाल के महीनों में जिले में एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम के तहत बड़ी संख्या में प्रकरण दर्ज कर भारी मात्रा में मादक पदार्थ और अवैध शराब जब्त की गई है।
इस कार्रवाई में एसडीओपी लवकुशनगर नवीन दुबे, थाना प्रभारी सरवई उप निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह यादव सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
