दिव्यांग बंदियों को मिलेगा न्याय: केन्द्रीय जेल बनेगी “सुगम्य जेल

ग्वालियर:ग्वालियर केन्द्रीय जेल में बंद दिव्यांग बंदियों की सुध लेने दिव्यांगजन आयुक्त डॉ. अजय खेमरिया स्वयं पहुँचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल को दिव्यांग-अनुकूल बनाने के लिए ठोस निर्देश जारी किए और स्पष्ट किया कि यह मात्र औपचारिकता नहीं, बल्कि राज्यपाल मंगूभाई पटेल के निर्देश पर चलाया जा रहा प्रदेशव्यापी अभियान है।जेल अधीक्षक विदित सिरवैया ने बताया कि केन्द्रीय जेल में इस समय 132 दिव्यांग बंदी हैं, जिनमें 5 महिलाएँ भी शामिल हैं।

इनमें से कई बंदियों के पास अभी तक यूडीआईडी कार्ड (दिव्यांगता प्रमाण पत्र) नहीं हैं, जिससे वे कानूनी रूप से मिलने वाली सुविधाओं से वंचित हैं। डॉ. खेमरिया ने निर्देश दिया कि ऐसे सभी बंदियों के यूडीआईडी कार्ड अभियान के रूप में बनाए जाएँ। इसके साथ ही उन्होंने जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र की टीम को आदेश दिया कि जेल प्रशासन के साथ समन्वय कर प्रतिमाह दिव्यांग परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएँ। इसी कड़ी में निरीक्षण के दौरान एक शिविर का आयोजन भी किया गया।

निरीक्षण के दौरान डॉ. खेमरिया ने जेल की विभिन्न बैरकों, अस्पताल, शौचालय ब्लॉक और भोजनशाला का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि रैम्प निर्माण के लिए पृथक से प्रस्ताव तैयार कर विभाग को भेजा जाए, ताकि दिव्यांग बंदियों को आवागमन में कठिनाई न हो।जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के आशीष शर्मा ने इस अवसर पर बंदियों को दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी और उन्हें उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया।

Next Post

तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौत

Mon Apr 20 , 2026
जबलपुर:शहपुरा थाना अंतर्गत नटवारा चौराहे पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार ग्राम नटवारा निवासी संतोष […]

You May Like