पेशावर, 15 अक्टूबर (वार्ता) खैबर पख्तूनख्वा के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सुहैल अफरीदी ने पाकिस्तान सरकार से अफगानिस्तान के प्रति अपनी नीति की समीक्षा करने का आग्रह किया है।
श्री अफरीदी ने प्रांतीय विधानसभा सत्र में अपने संबोधन में अफ़ग़ानिस्तान के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने के महत्व पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा, “मैं अपनी सरकार और सेना से अफगानिस्तान के प्रति अपनी नीतियों पर पुनर्विचार करने का आग्रह करता हूँ।” साथ ही उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अफगानिस्तान से संबंधित सभी नीतियाँ खैबर पख्तूनख्वा सरकार, स्थानीय प्रतिनिधियों, नागरिकों और कबायली बुजुर्गों के परामर्श से बनाई जानी चाहिए।
टोलो न्यूज के अनुसार, मुख्यमंत्री ने पाकिस्तान से अफगान शरणार्थियों को जल्दीबाजी में निकालने की भी आलोचना की। उन्होंने कहा, “हमारे अफगान भाई-बहन, जो 45 साल से ज़्यादा समय से यहाँ रह रहे हैं, अब निकाले जा रहे हैं। यह कैसी मानवता या इस्लाम है? ये लोग दशकों से यहाँ रह रहे हैं, परिवार बसा रहे हैं, उनके बच्चे यहीं पैदा हुए और पले-बढ़े हैं। अब उन्हें ज़बरदस्ती निकाला जा रहा है? नीतियाँ इस तरह नहीं बनाई जानी चाहिए।”
श्री अफरीदी ने कबायली इलाकों के पास सीमा चौकियों को बंद करने को भी दोनों देशों के लिए हानिकारक बताया और उन्हें फिर से खोलने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया।
कुछ राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अफरीदी की टिप्पणी अफगानिस्तान के संबंध में पाकिस्तान की सत्ता संरचना में बदलाव को दर्शाती है।

