
रायसेन। शहर के दशहरा मैदान में आगामी त्योहार के लिए पटाखा बाजार लगाने की तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। राजस्व विभाग ने बुधवार को दुकानों का लेआउट तैयार किया। तहसीलदार भरत मंड्रे के अनुसार, लगभग 90 दुकानें बनाई गई हैं और बुधवार तक 77 व्यापारियों को लाइसेंस जारी किया जा चुका है। गुरुवार को इन दुकानों की नीलामी तहसील कार्यालय में की जाएगी।
पटाखा बाजार में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। व्यापारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे दुकानों में कपड़े की जगह चादर का उपयोग करें और रेत से भरी बाल्टियों व अग्निशमन यंत्रों को रखे। नगर पालिका को बाजार के पास 24 घंटे फायर ब्रिगेड तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं।
दुकानें दो पंक्तियों में लगाई जाएंगी, जिनके बीच 50 फीट का गैप होगा, और प्रत्येक दुकान के बीच 5 फीट का अंतर रखा गया है। एसडीएम मनीष शर्मा और तहसीलदार भरत मंड्रे ने बुधवार शाम को पटाखा बाजार का निरीक्षण भी किया।
