
देवसर। जिले के देवसर तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पुरवा के कुसहमा टोला में बीते दिन कल शनिवार को भीषण आगजनी की घटना सामने आई, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग शिवकुमार कोल के घर में लगी। घटना के समय वह अपने परिवार के साथ घर में मौजूद नहीं थे। परिवार में दो बच्चे और तीन बच्चियां सहित कुल आठ सदस्य रहते हैं। आग लगने से घर में रखा सामान, एक साइकिल, लोहे को गर्म करने की मशीन, चारपाई, लकड़ी, कपड़े, अनाज सहित अन्य घरेलू सामग्री जलकर खाक हो गई। बताया जा रहा है कि मकान पहाड़ी क्षेत्र में स्थित है, जहां पानी की भारी कमी के कारण आग बुझाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण लापरवाही बताया जा रहा है। मकान के पास एक भूमि स्वामी द्वारा खेत में कचरा जलाया जा रहा था। इसी दौरान तेज आंधी और हवा के कारण आग की चिंगारियां फैलकर शिवकुमार कोल के घर तक पहुंच गईं और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग लगते ही ग्रामीणों ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की जानकारी समाजसेवी अनिल चतुर्वेदी द्वारा दी गई है। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
