वाहन चेकिंग में नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना वसूला

ग्वालियर: शहर में संचालित एम्बुलेंस और ऑटो रिक्शा में मोटरयान नियमों व सुरक्षा मानकों के पालन की जांच के लिए विशेष जाँच अभियान चलाया गया। माधव डिस्पेंसरी और हज़ार बिस्तर अस्पताल परिसर में की गई जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर एम्बुलेंस से 9 हजार रुपये और ऑटो रिक्शा से 9 हजार 500 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। संभागीय उड़नदस्ता प्रभारी नीलम सिंह तथा कार्यालयीन स्टाफ द्वारा यह कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान हज़ार बिस्तर अस्पताल परिसर में तीन एम्बुलेंस के फिटनेस प्रमाण-पत्र, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। मोटरयान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित एम्बुलेंस के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 9 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।इसी प्रकार माधव डिस्पेंसरी परिसर में ऑटो रिक्शा की जांच के दौरान फिटनेस, परमिट, पीयूसी और निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाने से संबंधित नियमों के उल्लंघन पर चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान 9 हजार 500 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
जाँच के दौरान ऑटो चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने तथा सभी वैध दस्तावेज साथ रखकर ही वाहन संचालित करने की समझाइश दी गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि नियमों का उल्लंघन दोबारा पाए जाने पर संबंधित ऑटो या एम्बुलेंस को जब्त करने, काली सूची में डालने तथा चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

मैनिट में सतर्कता जागरूकता सप्ताह शुरू, सत्यनिष्ठा और नैतिकता पर दिया जोर

Tue Oct 27 , 2026
भोपाल। मैनिट में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 की शुरुआत हुई। इस दौरान सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा और उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ईमानदारी, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति अपनाने का संकल्प लिया गया। इस दौरान एमसीयू के कुलपति विजय मनोहर तिवारी ने कहा कि सत्यनिष्ठा, सतर्कता और नैतिक मूल्यों से […]

You May Like