भोपाल। मैनिट में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 की शुरुआत हुई। इस दौरान सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा और उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ईमानदारी, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति अपनाने का संकल्प लिया गया। इस दौरान एमसीयू के कुलपति विजय मनोहर तिवारी ने कहा कि सत्यनिष्ठा, सतर्कता और नैतिक मूल्यों से ही समृद्ध भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने भारतीय सभ्यता और इतिहास के उदाहरण देते हुए बताया कि समाज की मजबूती का आधार नैतिकता, कर्तव्यबोध और सजगता है।रामायण और महर्षि वाल्मीकि की रचनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा दैनिक जीवन में नैतिकता और जिम्मेदारी निभाने की सीख देती है। भ्रष्टाचार जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए इन मूल्यों को व्यवहार में अपनाना जरूरी है। कार्यक्रम में मैनिट के उपनिदेशक प्रोफेसर शैलेन्द्र जैन और कुलसचिव सर्वेश कुमार तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे। आयोजन संस्थान के मुख्य सतर्कता अधिकारी प्रोफेसर विमलेश कुमार सोनी के मार्गदर्शन में हुआ। कार्यक्रम का संचालन डॉ अनुग्रह नगाइच ने किया और आभार डॉ अमित ओझा ने माना।सतर्कता जागरूकता सप्ताह 26 अक्टूबर से 2 नवंबर तक मनाया जाएगा। इस दौरान संस्थान परिसर में प्रतिदिन जागरूकता और सहभागिता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
