हिन्दुत्व से सनातन बदनाम और देश विभाजित हुआ: दिग्विजय

गोविन्द बड़ोने ब्यावरा। हिन्दुत्व का सनातन धर्म से कोई वास्ता नहीं है. यह सावरकर ने कहा था. भाजपा और इससे जुड़े लोगो ने हिन्दुत्व के नाम पर देश को भ्रमित किया. लोगो में नफरत फैलाई है. इसी नफरत से देश का विभाजन हुआ. हिन्दुस्तान-पाकिस्तान दो राष्ट्र बने. जबकि हमारा सनातन धर्म लोगो को जोड़ता है, तोड़ता नहीं. इस नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने का जो राहुल गांधी का आह्वान था उसी से देश बचेगा.

यह बात पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ‘नवभारत’ से विशेष चर्चा में कही. वे आज राजगढ़ जिले के सारंगपुर में पहुंचे. उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही अपनी ‘सत्य सनातन यात्रा’ के विषय में उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य लोगो को सनातन की अवधारणा समझाना और कमजोर होते लोकतंत्र से अवगत कराना है.

आपकी यात्रा पूर्व की घोषणा के विपरीत पूरी तरह राजनीतिक हो गई है ? इस प्रश्र के उत्तर में उन्होंने कहा कि यात्रा राजनीतिक नहीं लेकिन मुद्दे राजनीतिक है तो मैं भ्री चुप कैसे रह सकता हूं. आज अगर हमारी आस्था के प्रतीक श्री राम के मंदिर की दान चोरी, चंदा चोरी, इसके निर्माण में भ्रष्टाचार और अयोध्या में जनता के पैसे से जमीन खरीदने में भ्रष्टाचार हुआ है. वोट चोरी कर लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है. अगर वोट चोरी और चंदा चोरी जैसे विषय राजनीतिक है तो मैंरा इस पर चुप रहना संभव नहीं है.

आप राहुल गांधी, इंडिया गठबंधन को मजबूत करने का आह्वान कर रहे है इससे स्पष्ट है कि आप राजनीतिक यात्रा पर निकले है ?
इस पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि मैं कोई गलत बात नहीं कर रहा हूं. देश की इस ज्वलंत समस्याओं पर अगर इंडिया गठबंधन, कांग्रेस अथवा राहुल गांधी डटकर खड़े है तो इनका समर्थन करना देश बचाने का ही काम है. इसलिये मैं तो प्रदेश और देश के इंका कार्यकर्ताओं से ही नहीं आम लोगो से कह रहा हूूं कि सभी को एक नवंबर को दिल्ली जाकर समर्थन करना चाहिए.

आपकी यात्रा में कांग्रेस संगठन का सहयोग , समर्थन नहीं है क्या ? ऐसा नहीं है. और दूसरी बात यह है कि मैंने संगठन से कोई आह्वान भी नहीं किया है. यात्रा में संगठन से जुड़े और समाजों से जुड़े वे सभी लोग शामिल हो रहे है जिन्हें देश की व आने वाली पीढ़ी की चिंता है.

कांग्रेस अध्यक्ष खडग़े का पीएम के विरूद्ध बयान पर अपनी प्रतिक्रिया पूछे जाने पर उन्होंने उत्तर घुमाते हुए कहा कि सवाल तो यह है कि खडग़े की सभा को बिगाडऩे वालो पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई. श्री सिंह की यात्रा का आज राजगढ़ जिले में प्रवेश हुआ. उनका स्थान-स्थान पर भव्य स्वागत किया गया. इस मौके पर पूर्व मंत्री व जिला इंकाध्यक्ष प्रियवृत सिंह सहित जिले भर के इंका नेता मौजूद थे.

 

 

Next Post

रमौआ डैम के बैकवॉटर क्षेत्र से गुजरने वाली 220 केवी लाइन का शिफ्टिंग कार्य पूरा

Tue Oct 27 , 2026
ग्वालियर:ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने ग्वालियर के रमौआ डैम के बैकवॉटर क्षेत्र के समीप से गुजरने वाली महत्वपूर्ण 220 केवी महलगांव (ग्वालियर)-दतिया ट्रांसमिशन लाइन की शिफ्टिंग का कार्य पूरा कर लिया है। पुरानी लाइन डैम के बैकवॉटर क्षेत्र के नजदीक […]

You May Like