इंदौर: वार्ड 40 में वर्षों पुराना जल संकट अब भी बरकरार है. शिकायतों, टेस्टिंग और आश्वासनों के बावजूद नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी. मजबूर रहवासी निजी टैंकरों पर खर्च कर दूषित पानी की परेशानी झेल रहे हैं.शिवबाग कॉलोनी में वर्षों से चला आ रहा जल संकट आज भी दूर नहीं हो सका है. कॉलोनी के रहवासियों का कहना है कि नगर निगम और एलएंडटी की लापरवाही के कारण नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही. कई बार आवेदन, ऑनलाइन शिकायत और पार्षद कार्यालय में मौखिक व लिखित शिकायतें देने के बावजूद समाधान नहीं निकला.
क्षेत्र की पांच नंबर गली में लाइन टेस्टिंग के नाम पर पाइप लाइन काटकर दूसरी जगह वाल्व लगाया बावजूद इसके नर्मदा का पानी अब तक सप्लाई नहीं हो सका. क्षेत्र में सरकारी टैंकर चार से आठ दिन में एक बार आता है. पानी की जरूरत को पूरा करने के लिए अधिकांश परिवार निजी टैंकर मंगवाकर अतिरिक्त खर्च उठा रहे हैं. पानी की कमी होने पर लोगों को आसपास की कॉलोनियों से पानी लाना पड़ता है. नवभारत पूर्व में भी इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित कर चुका है, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं. समस्या का जल्द समाधान नहीं होने पर रहवासियों में नाराजगी बढ़ रही है.
चार से आठ दिन में एक बार सरकारी टैंकर से प्रत्येक परिवार को दो सौ लीटर का ड्रम और छोटी चार कुप्पी पानी मिलता है. ऐसे में पानी की पूर्ति नहीं हो पाती.
– सारिका बाई
कई सालों से आज तक क्षेत्र में नर्मदा पानी नहीं आ रहा. बिना समय सरकारी टैंकर आते हैं, हम लोग काम पर जाएं या पानी भरें. हमारे क्षेत्र में नर्मदा लाइन शुरू होना चाहिए.
– लीला बाई
हम गरीब लोग हैं, निजी टैंकर के लिए पैसा कब तक भरें. हम लोगों को पानी की पूर्ति करने के लिए एक किलोमीटर दूर एक शोरूम पर जाकर पानी लाना पड़ता है.
– मेघा बाई
