
भोपाल। भोपाल सायबर क्राइम पुलिस ने एक बड़ी ठगी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों नरेंद्र, निम्बाराम और चंदन माझी को राजस्थान के जोधपुर से गिरफ्तार किया है। इन पर एक भोपाल निवासी से कोइनसाला मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के फर्जी IPO में निवेश के नाम पर 18.60 लाख रूपये की ठगी का आरोप है। फरियादी सुधीर सिंह ने बताया कि उसने सितंबर 2024 में टेलीग्राम के माध्यम से कोइनसाला से संपर्क किया था। शुरूआती निवेश पर आकर्षक रिटर्न मिलने से उसे भरोसा हुआ और धीरे-धीरे उससे कई इन्वेस्टमेंट एक्टिविटीज के नाम पर बड़ी रकम वसूली गई। हर बार जब वह रकम निकालने का प्रयास करता, उसे एक और एक्टिविटी में भाग लेने का दबाव बनाया जाता। जांच में पता चला कि आरोपी गरीबों और छात्रों के नाम से बैंक खाते व सिमकार्ड खुलवाकर फ्रॉड करते थे। एक खाते के लिए 10,000 रूपये तक का भुगतान किया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 मोबाइल, 2 वाईफाई डोंगल, 5 चेकबुक, 62 एटीएम कार्ड और 28 सिम कार्ड जब्त किए। इस कार्रवाई में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य के आधार पर तीव्र और सटीक कार्रवाई की। सभी आरोपी फिलहाल पुलिस रिमांड पर हैं और मुख्य मास्टरमाइंड की तलाश जारी है।
