रीवा: दशहरे के बाद तापमान में गिरावट के साथ रात में गुलाबी ठंड शुरू हो गई है. दीपावली आते तक ठंड का असर और तेज हो जाएगा. दिन में तेज धूप रहती है और रात में तापमान नीचे आने से ठंड का असर रहता है. सुबह कोहरे की धुंध अभी से शुरू हो चुकी है. ठंड के दस्तक देने के साथ ऊनी कपड़ो का बाजार सजने लगा है. पीली कोठी सहित अन्य स्थानों पर तिब्बती बाजार भी गर्म पकड़ो का सज गया है.
गौरतलब है कि दीपावली से ठंड शुरू हो जाती है और होली तक ठंड रहती है. लेकिन इस बार अभी से ठंड का असर दिखने लगा है. दशहरा से ही धीरे-धीरे तापमान कम होने लगा था और रात में हल्की ठंड शुरू हुई जो अब जोर पकड़ रही है. दिन का तापमान 31.5 डिग्री रहा, जबकि रात का न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री आका गया. मौसम विभाग की माने तो दीपावली तक तापमान न्यूनतम 12 डिग्री तक पहुंच जाएगा. विंध्य में कड़ाके की ठंड दिसम्बर और जनवरी के महीने में पड़ती है. लेकिन इस बार जिस तरह से ठंड का असर अभी देखने को मिल रहा है उससे लग रहा है कि नवम्बर से ही कड़ाके की ठंड शुरू हो जाएगी.
रवी के बोनी के लिहाज से ठंड सही है, किसान इस समय खेतो में पलेवा लगाने के साथ चना, मसूर, अलसी की बोनी कर रहे है. एक सप्ताह बाद गेंहू की बोनी भी शुरू हो जाएगी. 25 अक्टूबर से गेंहू की बोनी शुरू हो जाती है. जिस तरह से इस समय मौसम है वह बोनी के लिहाज से सही है. धान की फसल इस बार लेट हुई है देर से पानी गिरने के कारण किसान धान की बोनी समय पर नही कर पाए. लिहाजा अभी धान की कटाई शुरू नही हुई है, हालाकि कुछ जगह धान की कटाई शुरू हो चुकी है.
