नयी दिल्ली, 25 अक्टूबर (वार्ता) मणिपुर में जारी हिंसा और तनाव को लेकर कांग्रेस ने केंद्र और राज्य सरकार की कड़ी निंदा करते हुए मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह के इस्तीफे और हिंसा पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
कांग्रेस के मणिपुर प्रभारी और सांसद सप्तगिरी उल्का ने रविवार को यहां कांग्रेस मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर मणिपुर का दौरा नहीं करने और हिंसा पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया। उन्होंने मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह के इस्तीफे और हिंसा पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
श्री उल्का ने कहा कि 23 अक्टूबर को मणिपुर के पांच जिलों में हजारों लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी लोक भवन की ओर मार्च कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। इस दौरान लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया गया।
उन्होंने कहा कि 19 अक्टूबर को जंगल में लकड़ी इकट्ठा करने गए तीन मैतेई लोगों की हत्या कर दी गई, जबकि कामजोंग में कुकी और नागा नागरिकों की हत्या की घटनाएं भी सामने आईं। उन्होंने दावा किया कि मई 2023 से अब तक लगभग 300 लोगों की जान जा चुकी है और 60 हजार लोग विस्थापित हुए हैं, जिनमें 24 हजार अब भी विस्थापित हैं। । कांग्रेस ने सभी समुदायों की सुरक्षा, निष्पक्ष जांच, मुक्त आवाजाही, विस्थापितों की सुरक्षित वापसी और समयबद्ध शांति प्रक्रिया की मांग की। पार्टी ने मुख्यमंत्री के तत्काल इस्तीफे और केंद्र सरकार से हिंसा समाप्त करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने की अपील की।

