कांग्रेस की मेदिनीपुर में महिलाओं से दुर्व्यवहार के दोषियों पर कार्रवाई की मांग, शाह, शुभेंदु को लिखा पत्र

नयी दिल्ली, 24 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में पश्चिम मेदिनीपुर में एक महिला को निर्वस्त्र कर कथित तौर पर शुद्धिकरण करने की घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि उन्होंने इस संबंध में गृह मंत्री अमित शाह और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।

श्री वेणुगोपाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने के कुछ ही महीनों बाद हिंसा की नयी लहर देखने को मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटनाएं भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के विभाजनकारी एजेंडे को आगे बढ़ाने का एक प्रयास है।

कांग्रेस महासचिव ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में भाजपा और आरएसएस ने देशभर में ईसाइयों को डराने और प्रताड़ित करने का अभियान चलाया है। छत्तीसगढ़ में ननों की गिरफ्तारी और भाजपा शासित राज्यों में गिरजाघरों को अपवित्र करने की घटनाएं ईसाई समुदाय को निशाना बनाकर की जा रही हिंसा में वृद्धि दर्शाती हैं।

उन्होंने कहा कि संविधान का अनुच्छेद 25 धर्म की स्वतंत्रता की गारंटी देता है और प्रस्तावना में बंधुता पर जोर दिया गया है लेकिन भाजपा का रवैया इन संवैधानिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि अल्पसंख्यकों पर हमले करने वालों को खुली छूट दी जा रही है और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।

श्री वेणुगोपाल ने इसे देशव्यापी स्तर पर सुनियोजित हमला बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के संरक्षण में हो रही हैं। उनका कहना था कि ईसाई समुदाय को लुभाने के भाजपा के दिखावटी प्रयासों की पोल ऐसी घटनाओं से खुल जाती है।

.....

Next Post

दिगंबर जैन युवक युवती परिचय सम्मेलन का शुभारंभ

Sat Oct 24 , 2026
सागर: अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन गोलापूर्व महासभा के तत्वाधान मे आयोजित दो दिवसीय जैन युवक युवती परिचय सम्मेलन का शुभारंभ सागर जिला मुख्यालय पर स्थित आदर्श गार्डन मे हुआ। ध्वजारोहणकर्ता सुषमा अशोक जैन और मुख्य अतिथि पवन कुमार विनोद कुमार विभोर जैन मुंबई रहे। परिचय सम्मेलन का फीता काटकर विधिवत […]

You May Like