नई दिल्ली, (वार्ता) देश को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर और विकसित बनाने के लिए स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से नयी पीढ़ी के सुधारों की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फिर दोहराया कि उनकी सरकार हर क्षेत्र में तेजी से सुधार लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्री मोदी ने सोमवार को यहां वरिष्ठ मंत्रियों, सचिवों और अर्थशास्त्रियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक में देश में अगली पीढ़ी के सुधारों के रोड मैप पर विस्तार से चर्चा की ।
बैठक के बाद प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार लोगों के जीवन में सुगमता, व्यवसाय सुगमता और समृद्धि को बढ़ावा देने की दिशा में गंभीरता से कम कर रही है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “ अगली पीढ़ी के सुधारों के रोडमैप पर चर्चा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की। हम सभी क्षेत्रों में त्वरित सुधारों के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिससे जीवन सुगमता, व्यवसाय सुगमता और समृद्धि को बढ़ावा मिलेगा।“
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त को 79 वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से अपने संबोधन में जी एस टी सहित नयी पीढ़ी के अनेक सुधारों की घोषणा की थी।
