घर में आगजनी के बाद चक्का जाम, रास्ते के विवाद ने लिया हिंसक रूप

सीधी। जिले के मड़वास थानांतर्गत जोगीपहाड़ी गांव में आज रविवार सुबह दो साकेत परिवारों के बीच लंबे समय से चले आ रहे जमीनी एवं रास्ते के विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के चलते एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के खपरैल मकान में आग लगा दी, जिसके बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मझौली-मड़वास मार्ग पर चक्का जाम कर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। पीड़ित पक्ष के अवधेश साकेत का आरोप है कि रास्ते के चौड़ीकरण को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस संबंध में उन्होंने 18 एवं 19 जून को पथरौला चौकी में शिकायत भी दर्ज कराई थी। उनका कहना है कि शिकायत पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते रविवार सुबह करीब 5:30 से 6 बजे के बीच आरोपियों ने महिलाओं को आगे कर उनके घर में आग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही मड़वास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल वाहन को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो चुका था। आगजनी से पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान होने की बात सामने आई है। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जोगीपहाड़ी में मझौली-मड़वास मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

 

पुलिस के आश्वासन पर चक्काजाम समाप्त-

 

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अतर सिंह एवं संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों से चर्चा की। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर मार्ग बहाल कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही आगजनी से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

Next Post

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर असाटी महिला समिति ने किया योग व स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम

Sun Jun 21 , 2026
दमोह। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संस्कार भवन में दमोह असाटी महिला समिति द्वारा योग व स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया.कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश पूजन व दीप प्रज्वलन के साथ हुआ. इसके बाद महिला समिति की सह सचिव श्रीमती रचना असाटी, मीडिया प्रभारी श्रीमती मधु असाटी व […]

You May Like