
भिंड, 16 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश के भिंड में मध्यक्षेत्र बिजली वितरण कंपनी के अधिकारियों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कबाड़ी के गोदाम से सैकड़ों बिजली मीटर जब्त किए हैं। आज इन मीटरों के सीरियल नंबर का मिलान किया जा रहा है।। विभाग इनकी जांच कर रहा है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार दो दिन पहले बिजली कंपनी के जेई छबिराम पाल मीटर चेकिंग के दौरान भिण्ड के अटेर रोड पेट्रोल पंप के पास स्थित संतोष खटीक के कबाड़ कारोबार में सरकारी पंप का मीटर चेक करने पहुंचे थे। वहां बड़ी संख्या में बिजली मीटर देखकर वे हैरान रह गए। जब कबाड़ कारोबारी से पूछताछ की गई तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद बिजली विभाग के जेई ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया और पंचनामा बनाकर गोदाम से लगभग ढाई से तीन सौ मीटर जब्त कर लिए गए। इस मामले की सूचना पुलिस को भी दे दी गई है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह पता लगाया जाएगा कि ये मीटर कितने पुराने हैं, कब और किस क्षेत्र के लिए जारी किए गए थे। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि ठेकेदार कौन था और मीटर कबाड़ी के पास कैसे पहुंचे। अगर मीटर खराब थे तो उन्हें बिजली कार्यालय में जमा क्यों नहीं कराया गया, इस पॉइंट पर भी जांच होगी।
भिंड बिजली विभाग के महाप्रबंधक प्रदीप जैन ने आज यहां बताया कि मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की गई है। मीटरों की गिनती और सीरियल नंबर की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ पुुलिस में एफआईआर कराई जाएगी।
