वाशिंगटन, 10 अगस्त (वार्ता) यूरोप और यूक्रेन ने रूस – यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष को सुलझाने के लिए होने वाले किसी भी समझौते के तहत अमेरिका से सुरक्षा गारंटी प्रदान करने की मांग की हैं।
न्यूयॉर्क टाइम्स ने सूत्रों के हवाले से अपनी रिपोर्ट में कहा है कि वे इस बात पर भी ज़ोर दे रहे हैं कि यूक्रेन के लिए उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) में शामिल होने का अवसर खाेले जाने की जरूरत है। सूत्रों ने कहा कि यूरोपीय सहयोगी चाहते हैं कि अमेरिका यूक्रेन की नाटो सदस्यता के लिए दरवाज़ा खुला रखे, भले ही गठबंधन में शामिल होना तुरंत संभव न हो।
अखबार की रिपोर्ट के अनुसार कल ब्रिटेन के विदेश सचिव मंत्री लैमी, यूक्रेन और यूरोप के प्रतिनिधियों तथा अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के बीच हुयी बैठक में इन मुद्दों पर चर्चा हुयी। अखबार ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ इस बैठक में ऑनलाइन शामिल हुए।
इससे पहले न्यूयॉर्क टाइम्स ने सूत्रों के हवाले से खबर दी थी कि यूरोपीय देश इस बात को लेकर चिंतित हैं कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और श्री ट्रम्प यूक्रेन मुद्दे पर खुद ही किसी समझौते पर पहुंच सकते हैं। सूत्रों ने कहा कि यूरोपीय देश यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं कि श्री पुतिन और श्री ट्रंप की बैठक में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की मौजूद रहें। अखबार की रिपोर्ट के अनुसार यूरोपीय देश भी वार्ता प्रक्रिया में भाग लेना चाहते हैं, लेकिन इसकी संभावना कम ही है।
गौरतलब है कि क्रेमलिन और व्हाइट हाउस ने पहले घोषणा की थी कि श्री पुतिन और श्री ट्रंप 15 अगस्त को अलास्का में मिलेंगे। क्रेमलिन के सहयोगी यूरी उशाकोव ने कहा कि अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने रूस की यात्रा के दौरान क्रेमलिन में श्री पुतिन, श्री ट्रंप और श्री ज़ेलेंस्की के बीच त्रिपक्षीय बैठक के विकल्प का ज़िक्र किया था। लेकिन रूसी पक्ष ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की और द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन की तैयारी पर ध्यान केंद्रित करने का सुझाव दिया।
