आष्टा। गणतंत्र दिवस पर नगर के श्यामा प्रसाद मुखर्जी ग्राउंड पर आयोजन संपन्न हुआ. कई स्कूलों के बच्चों ने अपनी प्रस्तुति दी. इसी बीच नगर के मार्टिनेट स्कूल प्रबंधन ने समय और पुरस्कार वितरण को लेकर नाराजगी जताई है.
प्राचार्य विनीत द्विवेदी ने बताया कि एसडीएम नितिन टाले के निर्देश अनुसार एक प्रस्तुति के लिए 10 मिनिट का समय तय किया गया था, लेकिन सांदीपनि स्कूल को 13 मिनिट 37 सेकंड का समय दिया गया. जो कि नियमविरुद्ध है. हमारे स्कूल की प्रस्तुति 9 मिनिट 31 सेकंड की थी और निर्देश अनुसार 10 मिनिट से ऊपर की प्रस्तुति होने पर स्वत: उस प्रस्तुति को बाहर कर दिया जाएगा. लेकिन उन्हें पुरस्कार दिया गया जो गलत है. जज का फैसला भी गलत है. गौरतलब है कि हर वर्ष की तरह राष्ट्रीय पर्व मनाने एक बैठक का आयोजन किया जाता है जिसमें नगर के पत्रकार सहित नागरिकों को बुला जाता है. बैठक में पर्व मनाने के लिए सभी बिंदुओं पर विचार विमर्श कर निर्णय लिए जाते हैं. लेकिन हर वर्ष की तरह बैठक मात्र औपचारिकता बन रह जाती है, इस वर्ष भी जो स्टैंड पत्रकारों के लिए रिजर्व किए था उसमें दूसरे लोग बैठे रहे और पत्रकार खड़े होकर कवरेज करने को मजबूर रहे. आयोजन के बीच एक गौमाता बीच ग्राउंड में टहलती नजर आई. इतने में अंदाजा लगाया जा सकता है कि स्थानीय प्रशासन द्वारा क्या व्यवस्था की गई.
