भारत की स्टार क्रिकेटर और हाल ही में वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम की सदस्य स्मृति मंधाना की शादी आखिरी पल में टाल दी गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंधाना के पिता की तबीयत अचानक खराब होने के कारण परिवार ने शादी पोस्टपोन करने का फैसला लिया। स्मृति और पलाश मुच्छल की शादी आज होनी थी और रस्मों की तैयारियां पूरी तरह चल रही थीं। मेहंदी और हल्दी की रस्में धूमधाम से हो चुकी थीं और उनके वीडियोज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे थे।
अचानक बिगड़ी पिता की तबीयत
स्मृति मंधाना के मैनेजर तुहिन मिश्रा ने पुष्टि की कि उनके पिता की तबीयत सुबह अचानक बिगड़ गई। जब वे ब्रेकफास्ट कर रहे थे, तभी उन्हें असहज महसूस होने लगा। टीम ने कुछ देर इंतजार किया, लेकिन हालात सामान्य नहीं हुए, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वर्तमान में मंधाना के पिता अस्पताल में ऑब्जर्वेशन में हैं।
