मुंबई के अंधेरी में जहरीले गैस के रिसाव से युवक की मौत

मुंबई, 23 नवंबर (वार्ता)। मुंबई के उत्तर-पश्चिमी उपनगर अँधेरी में एक गहनों की सफाई करने वाले दुकान में जहरीली गैस के रिसाव के कारण 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने की कोशिश करने वाले दो अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने रविवार को बताया कि यह घटना शनिवार रात को हुसैन भंगरवाड़ी इलाके में एक दो मंजिला इमारत में घटित हुयी। पुलिस के अनुसार, अहमद हुसैन नामक युवक सोडियम सल्फेट और पानी के मिश्रण का उपयोग करके गहनों की सफाई कर रहा था। रासायनिक मिश्रण की अत्यधिक मात्रा के कारण कथित तौर पर अचानक धुआँ बनने लगा, जो जल्दी ही जहरीली गैसों में तब्दील हो गया। अहमद जहरीली गैसों के कारण घुटन और चक्कर आने से वह वहीं गिर गया।

दुकान में हलचल सुनकर उसकी 17 वर्षीय बहन सबा शेख और 28 वर्षीय पड़ोसी नौशाद अंसारी उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वे भी बेहोश हो गए।

अहमद के पिता ने घर लौटने पर तीनों पीड़ितों को बेहोश पाया और तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस कर्मियों की सहायता से तीनों को होली स्पिरिट अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने अहमद को मृत घोषित कर दिया। सबा और नौशाद का इलाज चल रहा है। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि दोनों की हालत स्थिर है।

पुलिस ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारी खतरनाक गैस बनने के सटीक कारण का पता लगाने के लिए सफाई प्रक्रिया में इस्तेमाल किए गए रसायनों, वर्कशॉप की सुरक्षा प्रक्रियाओं और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।

 

Next Post

श्रीगंगानगर जिले में पुलिस ने 190 स्थानों पर मारा छापा, 95 लोग गिरफ्तार

Sun Nov 23 , 2025
श्रीगंगानगर, 23 नवम्बर (वार्ता) राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में रविवार को सुबह जिला पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ एक व्यापक अभियान चलाकर 190 स्थानों पर छापेमारी करके 95 संदिग्धों को हिरासत में लिया। पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि इस अभियान के दौरान जिले भर में कुल […]

You May Like