.
छतरपुर। जिले के नौगांव थाना क्षेत्र की कुम्हार टोली में बीते दिन 55 वर्षीय हरकुंवर प्रजापति की कथित रूप से लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति है।
मृतका के बेटे राजेंद्र प्रजापति ने आरोप लगाया कि तेज बारिश के कारण उनकी मां घर में भरा पानी निकालने बाहर गई थीं। इसी दौरान बद्री प्रजापति, सोनू, सचिन, कोमल प्रजापति, रोशनी प्रजापति, विमला, कल्लू, रोहणी सहित अन्य लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और उनकी मां पर हमला कर दिया। राजेंद्र का यह भी आरोप है कि डायल-112 पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद भी मारपीट जारी रही और बीच-बचाव करने पर उनके साथ भी मारपीट की गई।
परिजनों के अनुसार, घटना की वजह करीब तीन महीने पुराना प्रेम प्रसंग है। उनका कहना है कि मृतका का छोटा बेटा पवन प्रजापति और आरोपी पक्ष की एक युवती 25 अप्रैल को घर से चले गए थे। इसके बाद से लड़की पक्ष लगातार उनके परिवार पर दबाव बना रहा था। परिजनों का दावा है कि दोनों के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं थी, लेकिन इसी रंजिश के चलते हमला किया गया।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल और क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
