पैदल चल रहे भाई-बहन को ट्रक ने कुचला, एक मासूम का पैर पंजे से अलग, बहन का पैर फ्रैक्चर; ड्राइवर फरार

नीमच। शहर के बघाना थाना क्षेत्र में कृषि उपज मंडी की पुलिया के पास मंगलवार शाम तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से भाई-बहन घायल हो गए। हादसे में 7 साल के बच्चे का पैर पंजे से अलग हो गया, जबकि उसकी 12 साल की बहन के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। हादसे के बाद चालक ट्रक छोडक़र फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

खेत से घर लौटते समय हादसा

जानकारी के अनुसार, चौकन्ना बालाजी क्षेत्र निवासी संतोष बाई मंगलवार शाम खेत से काम खत्म कर अपने पोते शुभम (7) और पोती नेहा (12) के साथ पैदल घर लौट रही थीं। तीनों कृषि उपज मंडी के पास स्थित पुलिया से गुजर रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों बच्चों को टक्कर मार दी।

एक बच्चे का पंजा कटा, दूसरे के पैर फ्रैक्चर

हादसे में कक्षा पहली के छात्र शुभम के पैर पर ट्रक का पहिया चढ़ गया, जिससे उसका पैर पंजे से अलग हो गया। वहीं कक्षा तीसरी में पढऩे वाली नेहा के पैर में फ्रैक्चर हो गया। दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के बाद शुभम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। नेहा का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

ट्रक जब्त, चालक की तलाश जारी

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोडक़र मौके से फरार हो गया। बघाना थाना पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है और फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Next Post

सर्व सम्मति से इनरव्हील क्लब खंडवा स्पार्कल्स 2026-27का अध्यक्ष मोनिका शर्मा को बनाया गया

Wed Jun 17 , 2026
खंडवा। विगत कई वर्षो से इनरव्हील क्लब आफ खंडवा स्पार्कल्स समाजसेवा के कार्यो के साथ सामाजिक सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय मिशन के कार्यों में लगन व मेहनत से सेवा कार्य करता आ रहा हे। उसी क्रम को आगे बढाते हुये नये सत्र 2026_27 की कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मती से वरिष्ठ पदाधिकारियों […]

You May Like