श्रीगंगानगर जिले में पुलिस ने 190 स्थानों पर मारा छापा, 95 लोग गिरफ्तार

श्रीगंगानगर, 23 नवम्बर (वार्ता) राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में रविवार को सुबह जिला पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ एक व्यापक अभियान चलाकर 190 स्थानों पर छापेमारी करके 95 संदिग्धों को हिरासत में लिया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि इस अभियान के दौरान जिले भर में कुल 190 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई और कुल 95 संदिग्ध व्यक्तियों को थानों में लाकर पूछताछ की गई। इन संदिग्धों से अपराधी गिरोहों से उनके संबंधों, संभावित अपराधी गतिविधियों और अन्य जानकारियों के बारे में गहन जांच की गई।

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान इन व्यक्तियों की चल-अचल संपत्तियों की जांच की गई। इनके मोबाइल फोनों की जांच भी की गई, जिसमें अपराधियों से संपर्क, संदेश और कॉल लॉग्स की स्क्रूटनी शामिल थी। इस कार्रवाई में

मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनयम और आबकारी अधिनयम के तहत कुछ मामले दर्ज किए गए हैं।

उधर सूत्रों ने बताया कि यह अभियान पहले से तैयार की गई रणनीति का हिस्सा था। पुलिस की साइबर पेट्रोलिंग टास्क फोर्स संगठित अपराध से जुड़े अपराधियों के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लगातार नजर रख रही थी। इन अकाउंट्स पर फॉलो करने वाले और अपराधियों से जुड़े संदिग्धों की पहचान करके एक विस्तृत सूची तैयार की गई थी। इसी सूची के आधार पर आज सुबह की कार्रवाई को अंजाम दिया गया। अभियान में कुल 500 पुलिसकर्मी शामिल थे, जिसमें विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की एक कंपनी भी थी।

 

 

Next Post

बेटियां होती हैं समाज की असली शक्ति : शेखावत

Mon Nov 24 , 2025
बीकानेर, (वार्ता) केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा है कि किसी भी समाज की असली शक्ति उसकी बेटियां होती हैं, जब किसी गांव की बेटियां उठकर मैदान में उतरती हैं, चुनौतियों को मात देती हैं तो वह गांव केवल गांव नहीं रह जाता, वह एक आंदोलन […]

You May Like