खामखेड़ा में प्राचार्य के ट्रांसफर से विवाद, छात्रों ने सडक़ पर बैठकर जताया विरोध

गुना: जिले के आरोन क्षेत्र के खामखेड़ा गांव में सोमवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब स्थानीय स्कूल के विद्यार्थियों ने अपने प्राचार्य के ट्रांसफर के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं स्कूल से निकलकर आरोन-अशोकनगर मार्ग पर बैठ गए और रास्ता जाम कर दिया। अचानक हुई इस नारेबाजी और चक्काजाम से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात घंटों बाधित रहा।

दरअसल, खामखेड़ा का शासकीय विद्यालय कक्षा 10वीं तक संचालित है। यहां लंबे समय से प्राचार्य कालू सिंह डोंडवा कार्यरत थे। वे न केवल हाई स्कूल बल्कि प्राथमिक और माध्यमिक कक्षाओं की जिम्मेदारी भी संभालते थे। हाल ही में उनका तबादला कर दिया गया, जिससे विद्यालय में शिक्षकों की कमी और गहराने लगी। अब स्कूल का संचालन अस्थायी रूप से एक अतिथि शिक्षक के हवाले कर दिया गया है, जिसे लेकर छात्र और अभिभावक दोनों ही नाराज हैं। उनका कहना है कि पढ़ाई पहले से प्रभावित थी और अब प्राचार्य के हटने से शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो जाएगी।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने साफ चेतावनी दी कि जब तक प्राचार्य को वापस पदस्थ नहीं किया जाता, वे सडक़ से नहीं हटेंगे। लगातार हो रही नारेबाजी और सडक़ पर डटे छात्रों को देखते हुए प्रशासन हरकत में आया। तहसीलदार धीरेन्द्र गुप्ता पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और विद्यार्थियों से बातचीत की। उन्होंने समझाइश देते हुए आश्वासन दिया कि मामले को वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और उचित निर्णय के लिए प्रयास किए जाएंगे।

हालांकि प्रशासन की अपील के बाद भी विद्यार्थी अपनी मांग पर अड़े रहे और सडक़ पर बैठे रहे। उनका कहना था कि प्राचार्य का ट्रांसफर तत्काल निरस्त किया जाए, तभी वे चक्काजाम खत्म करेंगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस लगातार मौजूद रही और प्रशासनिक अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं। खामखेड़ा के इस घटनाक्रम ने एक बार फिर शिक्षा व्यवस्था में संसाधनों की कमी और शिक्षक नियुक्तियों की समस्या को उजागर कर दिया है।

Next Post

सुवा में 100 बैड का सुपर स्पेशलिटी अस्पताल तथा जन औषधि केन्द्र खोले जायेंगे: मोदी

Mon Aug 25 , 2025
नयी दिल्ली 25 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत और फिजी के बीच संबंधों को परस्पर विश्वास और सम्मान पर आधारित बताते हुए कहा है कि भारत ने फिजी के स्वास्थ्य तंत्र को मजबूत बनाने के लिए उसकी राजधानी सुवा में 100 बैड का सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनाने, डायलिसिस […]

You May Like