
आशीष कुर्ल भोपाल। कांग्रेस ने युवा प्रवक्ताओं और पैनलिस्टों को तैयार करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय टैलेंट हंट प्रोग्राम की शुरुआत 17 जुलाई 2025 को की थी। इस पहल का नेतृत्व पार्टी के मीडिया और प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा कर रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य पार्टी की विचारधारा को सशक्त रूप से जनता तक पहुँचाने में सक्षम नई पीढ़ी के प्रवक्ताओं को प्रशिक्षित करना है।
देशभर से सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अपने वीडियो क्लिप्स और दस्तावेज़ों के साथ आवेदन किए। आवेदन प्रक्रिया 4 अगस्त को समाप्त हुई, जिसके बाद जांच समिति ने पात्र उम्मीदवारों का चयन कर ईमेल के माध्यम से इंटरव्यू के लिए सूचना दी है। चयनित युवाओं को मीडिया प्रबंधन, वाद-विवाद और संचार कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
हालाँकि, प्रशिक्षण सत्र और इंटरव्यू की तिथियाँ बिहार विधानसभा चुनावों में वरिष्ठ नेताओं की व्यस्तता के चलते आगे बढ़ा दी गई हैं। नई तिथियों की घोषणा चुनावों के बाद की जाएगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रशिक्षित युवाओं को उनके प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तर पर प्रवक्ता या पैनलिस्ट के रूप में नियुक्त किया जाएगा। कांग्रेस का मानना है कि यह पहल पार्टी के मीडिया तंत्र को मजबूत करने और युवाओं को लोकतांत्रिक संवाद में सक्रिय भागीदारी का अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
