सिंगरौली । जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जियावन पुलिस ने ग्राम संडा में गांजे की अवैध खेती का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खेत से गांजे के 16 हरे पौधे जड़ सहित जप्त किए हैं। पौधों की लंबाई लगभग चार से नौ फीट से अधिक तक बताई गई है। आरोपी मक्का और अरहर की फसल के बीच गांजे के पौधे उगा रहे थे।
पुलिस के अनुसार आज 22 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम संडा, चौकी कुंदवार में कुछ लोग अपने घर के पास स्थित खेत में गांजे की अवैध खेती कर रहे हैं। सूचना पर जियावन पुलिस ने तत्काल दबिश दी। मौके पर पुलिस ने लोलर बसोर उम्र 70 वर्ष उसके पुत्र दिलीप बसोर उम्र 40 वर्ष और अनिल बसोर उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम संडा को पकड़ा। तीनों के विरुद्ध थाना जियावन में अपराध के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(ए) में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने जप्त पौधों को मालखाने में सुरक्षित रखवा दिया है। उक्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शियाज केएम के निर्देशन में उनि शेषनारायण दुबे, सउनि नरेंद्र सिंह, दिनेश कुमार, आर प्रभात दुबे, रामसुंदर, दिनेश सिंह, चौकी कुंदवार के बशलाल प्रजापति, दिलीप तिवारी और आरक्षक लालू रावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
