एलएनआईपीई ग्वालियर में कल से आयोजित होगा तृतीय योग शास्त्र संगम 2026 राष्ट्रीय सम्मेलन

ग्वालियर: लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (एलएनआईपीई), ग्वालियर एवं विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी, प्रकल्प नीड़म के संयुक्त तत्वावधान में 24 एवं 25 अक्टूबर को तृतीय योग शास्त्र संगम 2026 राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन का मुख्य विषय ‘पातंजल योगदर्शन’ है। विक्रांत विश्वविद्यालय, ग्वालियर के विशेष सहयोग से आयोजित यह सम्मेलन योग के शास्त्रीय, दार्शनिक एवं व्यावहारिक पक्षों पर सार्थक संवाद और विचार-विमर्श का राष्ट्रीय मंच बनेगा।
सम्मेलन के उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता एलएनआईपीई की कुलपति प्रोफेसर कल्पना शर्मा करेंगी। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. राघवेंद्र शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। विक्रांत विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. आर. एस. राठौर विशिष्ट अतिथि होंगे, जबकि अखिल भारतीय विवेकानंद केंद्र, कन्याकुमारी के योग प्रमुख श्री रवि शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
महर्षि पतंजलि द्वारा प्रतिपादित योगदर्शन भारतीय ज्ञान परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है। सम्मेलन में चित्त, वृत्तियों, अभ्यास-वैराग्य, यम-नियम, अष्टांग योग, ध्यान, समाधि एवं कैवल्य जैसी अवधारणाओं के शास्त्रीय अध्ययन के साथ वर्तमान जीवन में उनकी प्रासंगिकता पर चर्चा की जाएगी। इसका उद्देश्य विद्वानों, शोधकर्ताओं, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं योग-साधकों के बीच ज्ञान-विनिमय और शोध को प्रोत्साहित करना है।
सम्मेलन के अंतर्गत शोध-पत्र प्रस्तुति, पोस्टर प्रस्तुति, पातंजल योगसूत्र उच्चारण प्रतियोगिता, योगासन प्रतियोगिता, समूह चर्चा तथा योग विशेषज्ञों के व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। प्रतिभागियों को योगदर्शन के विभिन्न आयामों पर अपने शोध एवं विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
सम्मेलन के लिए शोध-पत्र भेजने की अंतिम तिथि आज 23 अक्टूबर निर्धारित की गई है। सम्मेलन का आयोजन रवींद्रनाथ टैगोर सभागार में किया जाएगा।
यह सम्मेलन भारतीय योग परंपरा के शास्त्रीय ज्ञान को समकालीन संदर्भों से जोड़ने तथा योग के वैज्ञानिक, दार्शनिक एवं व्यावहारिक पक्षों को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करने की दिशा में पहल है।

Next Post

डेली कॉलेज देश में अव्वल, प्राचार्या डॉ. गुनमीत बिंद्रा को विजनरी एजुकेशन लीडर अवॉर्ड

Fri Oct 23 , 2026
इंदौर: डेली कॉलेज ने एजुकेशन वर्ल्ड इंडिया स्कूल रैंकिंग 2026-27 में आइवी लीग को-एड डे-कम-बोर्डिंग स्कूल श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल किया है. कॉलेज को फाइव स्टार रेटिंग भी मिली है. वहीं, प्राचार्या डॉ. गुनमीत बिंद्रा को शिक्षा के क्षेत्र में योगदान और दूरदर्शी नेतृत्व के लिए ‘विजनरी […]

You May Like