इंदौर: डेली कॉलेज ने एजुकेशन वर्ल्ड इंडिया स्कूल रैंकिंग 2026-27 में आइवी लीग को-एड डे-कम-बोर्डिंग स्कूल श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल किया है. कॉलेज को फाइव स्टार रेटिंग भी मिली है. वहीं, प्राचार्या डॉ. गुनमीत बिंद्रा को शिक्षा के क्षेत्र में योगदान और दूरदर्शी नेतृत्व के लिए ‘विजनरी एजुकेशन लीडर अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया.
दोनों सम्मान 22 अक्टूबर को नई दिल्ली के एयरोसिटी स्थित पुलमैन होटल में आयोजित एजुकेशन वर्ल्ड अवॉर्ड्स समारोह में प्रदान किए गए. डेली कॉलेज की रैंकिंग में यह उपलब्धि अकादमिक शिक्षा के साथ खेल, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास पर संस्थान के जोर को रेखांकित करती है.
कॉलेज में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति के साथ नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे गुणों के विकास पर भी ध्यान दिया जाता है. डॉ. बिंद्रा को मिला सम्मान स्कूल शिक्षा में नवाचार, विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में उनके नेतृत्व के लिए दिया गया. कॉलेज की इस दोहरी उपलब्धि ने राष्ट्रीय स्तर पर संस्थान की पहचान को मजबूत करने के साथ इंदौर के शैक्षणिक क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया है.
