
गुना। फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चक चुरेला में हुई करोड़ों रुपये की सनसनीखेज चोरी के मामले में गुना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए दो पारदी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 984 ग्राम सोना बरामद किया गया है, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 47 लाख रुपये आंकी गई है।
जिलेभर में चर्चित यह वारदात 2-3 अगस्त की दरमियानी रात पंचायत सचिव पवन मीना के चक चुरेला स्थित घर में हुई थी। घटना के संबंध में पवन मीना के पिता बाबूलाल मीना की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। बदमाश घर से करीब ढाई किलो सोना, 3 किलो चांदी और 11.5 लाख रुपये नकदी से भरी लगभग ढाई क्विंटल वजनी तिजोरी के साथ एक मोटरसाइकिल भी चुराकर ले गए थे।
15 जिलों और राजस्थान तक बिछाया गया जाल
रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मामले का खुलासा करते हुए एसपी हितिका वासल ने बताया कि वारदात के बाद से ही पुलिस की कई टीमें आरोपियों की धर-पकड़ में जुटी हुई थीं। जांच के दौरान धरनावदा थाना क्षेत्र के ग्राम कनेरा निवासी बदमाशों की पहचान हुई। बदमाशों की तलाश के लिए आधुनिक तकनीक और ड्रोन कैमरों का भी सहारा लिया गया। पुलिस टीमों ने मध्यप्रदेश के गुना, शिवपुरी, उज्जैन, विदिशा, रतलाम, राजगढ़, भोपाल, इंदौर, शाजापुर और देवास के अलावा राजस्थान के बारां, कोटा, झालावाड़, छबड़ा एवं कवाई क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया।
8 अगस्त को हत्थे चढ़े दो आरोपी
कड़ी मशक्कत के बाद 8 अगस्त को पुलिस ने ग्राम कनेरा निवासी राजू पुत्र कवरथा पारदी और गजानंद पुत्र देवला पारदी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से 984 ग्राम सोना बरामद हो चुका है।
बुलडोजर कार्रवाई जारी, बाकी आरोपियों की तलाश तेज
एसपी हितिका वासल ने बताया कि वारदात में अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जिन्हें चिन्हित कर लिया गया है। पुलिस की टीमें धरनावदा और आसपास के क्षेत्रों में लगातार दबिश दे रही हैं। चिन्हित आरोपियों के ठिकानों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई भी की गई है। पुलिस का दावा है कि शेष आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और बाकी बचा सोना, चांदी व नकदी बरामद कर ली जाएगी।
