नयी दिल्ली, 10 जून (वार्ता) दिल्ली वंडर्स क्लब ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए दिल्ली क्रिकेट हब को 6 विकेट से हराकर 51वें अखिल भारतीय गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (पंजीकृत) के पूल डी लीग मुकाबले में रोमांचक जीत दर्ज की। यह टूर्नामेंट दिल्ली के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित क्रिकेट आयोजनों में से एक है। टॉस जीतकर दिल्ली वंडर्स क्लब ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली क्रिकेट हब ने 18.4 ओवर में 224 रन बनाकर मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष नारंग ने मात्र 34 गेंदों में 73 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 7 छक्के शामिल थे। हितेन दलाल ने 23 रन और विनीत ढांकर ने 49 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
दिल्ली वंडर्स की ओर से हर्ष त्यागी ने 50 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि बॉबी यादव ने 31 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वरुण पाल और माज़ ने 2-2 विकेट हासिल कर विपक्षी टीम को बड़े स्कोर से रोकने में अहम भूमिका निभाई।
225 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली वंडर्स क्लब ने निडर बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 19.3 ओवर में 4 विकेट खोकर 226 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। संस्कार रावत ने 53 गेंदों में 94 रनों की विस्फोटक मैच जिताऊ पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 8 शानदार छक्के शामिल थे। मोहम्मद कैफ ने नाबाद 56 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया। अबीर सूदन ने 26 रन का योगदान दिया, जबकि बॉबी यादव 17 रन बनाकर नाबाद लौटे। दिल्ली क्रिकेट हब की ओर से सैनाश वोहरा, अंशुमन हुड्डा, भगवान सिंह और सुभाष यादव ने कसी हुई गेंदबाजी की, लेकिन वे अपनी टीम के स्कोर का बचाव नहीं कर सके और दिल्ली वंडर्स क्लब ने 19.3 ओवर में यादगार जीत दर्ज की।
पुरस्कार गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसायटी (रजि.) के अध्यक्ष वी. पी. सरीन एवं आयोजन सचिव मनीष सहगल द्वारा प्रदान किए गए। मैन ऑफ द मैच: संस्कार रावत – 94 रन फाइटर ऑफ द मैच: लक्ष नारंग – 73 रन

