मीनाक्षी के नामांकन में कांग्रेस ने दिखाई एकजुटता, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संकल्प दोहराया

भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस ने सोमवार को राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के नामांकन के अवसर पर शक्ति प्रदर्शन करते हुए पार्टी की एकजुटता का संदेश दिया। नटराजन ने विधानसभा परिसर में राज्यसभा निर्वाचन के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी, विधायक और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

नामांकन दाखिल करने के बाद मीनाक्षी नटराजन ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ मीडिया को संबोधित किया।
उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक मीनाक्षी नटराजन के साथ विधानसभा पहुंचे हैं, जो पार्टी की एकजुटता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह केवल मीनाक्षी नटराजन की लड़ाई नहीं, बल्कि विचारधारा, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस प्रत्याशी विजयी होगी। सिंघार ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि तीसरे राज्यसभा उम्मीदवार का नामांकन उसके वास्तविक चरित्र को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि यह संविधान की लड़ाई है और अंततः संविधान की जीत होगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मीनाक्षी नटराजन को गांधीवादी मूल्यों से प्रेरित नेता बताते हुए कहा कि उनकी उम्मीदवारी महिला सशक्तिकरण, स्वच्छ राजनीति और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल एक राज्यसभा सीट जीतने का नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का चुनाव है। पटवारी ने आरोप लगाया कि आवश्यक संख्या नहीं होने के बावजूद भाजपा ने तीसरा उम्मीदवार उतारकर खरीद-फरोख्त और दबाव की राजनीति का प्रयास किया है, लेकिन कांग्रेस के सभी विधायक पूरी तरह एकजुट हैं।
मीनाक्षी नटराजन ने कांग्रेस नेतृत्व, विधायकों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह चुनाव लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा की लड़ाई है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि राज्यसभा पहुंचने पर वह मध्य प्रदेश के मुद्दों को प्रभावी ढंग से संसद में उठाएंगी।
नामांकन के दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ‘राहुल भैया’, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य कमलेश्वर पटेल, केंद्रीय चुनाव समिति सदस्य ओमकार मरकाम, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मुकेश नायक, वरिष्ठ नेता जे.पी. धनोपिया, मीडिया समन्वयक रवि सक्सेना, प्रवक्ता विक्रम चौधरी और राहुल राज, विधायक जयवर्धन सिंह तथा फूल सिंह बरैया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस विधायक, पदाधिकारी और विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि मीनाक्षी नटराजन का व्यापक राजनीतिक अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और जनहित के मुद्दों के प्रति प्रतिबद्धता राज्यसभा में प्रदेश और देश की जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पार्टी का मानना है कि उच्च सदन में उनका प्रतिनिधित्व सामाजिक न्याय, संवैधानिक मूल्यों और जनहित के मुद्दों को और मजबूती प्रदान करेगा।

Next Post

ओहदा मिला पर उसमें सादगी का ग्रहण

Mon Jun 8 , 2026
विंध्य की डायरी डॉ रवि तिवारी: आमतौर पर नेता किसी ऐसे ओहदे की तलाश में रहते हैं जिससे उनका राजनैतिक कद और भविष्य दोनों सुरक्षित हो सके.इस बार विचित्र संयोग रहा है. विंध्य में विकास की धारा को अविरल बनाने के लिए विंध्य विकास प्राधिकरण में राजनैतिक नियुक्ति ऐसे समय […]

You May Like