स्टेशन पर यात्रियों के बीच पहुंचे डीआरएम, स्वच्छता और सुविधाओं पर लिया फीडबैक

इंदौर: इंदौर रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक अश्विनी कुमार ने यात्रियों से सीधे बातचीत कर स्टेशन की साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया. इस दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म नंबर-1, प्रतीक्षालय और सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण किया। यात्रियों से चर्चा के दौरान स्टेशन की व्यवस्थाओं को लेकर उनके अनुभव और सुझाव भी जाने.
बातचीत में यात्रियों ने रेलवे की ओर से किए जा रहे स्वच्छता प्रयासों की सराहना की. उनका कहना था कि स्टेशन को साफ-सुथरा बनाए रखने की जिम्मेदारी केवल रेलवे की नहीं, बल्कि यात्रियों की भी है. यदि लोग कचरा निर्धारित स्थानों पर डालें और परिसर की स्वच्छता का ध्यान रखें, तो स्टेशन को बेहतर बनाए रखा जा सकता है. डीआरएम अश्विनी कुमार ने यात्रियों की बात सुनी और उनसे मिले सुझावों को यात्री सुविधाओं में सुधार के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया. स्टेशन पर साफ-सफाई बनाए रखने के साथ यात्रियों को सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना रेलवे के सामने लगातार रहने वाली चुनौतियों में शामिल है. ऐसे में यात्रियों से सीधे संवाद के जरिए व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति समझने में मदद मिलती है.

मंडल के 118 स्टेशनों पर हुई यात्रियों से चर्चा
रतलाम रेल मंडल के सभी 118 रेलवे स्टेशनों पर जनसंवाद कार्यक्रम के तहत यात्रियों से बातचीत की गई. रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्टेशन की सफाई, उपलब्ध सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर यात्रियों की राय जानी. इस दौरान लोगों को स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी प्रेरित किया गया.

सुझाव देने की अपील
रेलवे में यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए यात्रियों से मिलने वाला फीडबैक अहम माना जाता है. स्टेशन पर रोजाना आने-जाने वाले लोगों को व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं और कमियों का प्रत्यक्ष अनुभव होता है। ऐसे में उनके सुझावों से उन पहलुओं की पहचान हो सकती है, जिनमें सुधार की जरूरत है. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से स्टेशन परिसर को स्वच्छ रखने और सुविधाओं में सुधार के लिए अपने सुझाव देने की अपील की है.

Next Post

गुस्साए ग्रामीणों ने डेडबॉडी रखकर सड़क जाम कर दी

Fri Oct 23 , 2026
भिण्ड। बीती रात एक युवक की धारदार हथियार से हत्या के विरोध में गुस्साए ग्रामीणों ने डेड बॉडी रखकर सड़क जाम कर दी है।भिंड गोपालपुरा सड़क पर चांदोख के पास सड़क पर चक्काजाम किया जा रहा है जिससे दोनों ओर का यातायात प्रभावित हुआ है। पुलिस जाम हटाने की मशक्कत […]

You May Like