
नई दिल्ली, 15 नवम्बर 2025: साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में भारतीय कप्तान शुभमन गिल को रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौटना पड़ा। यह घटना भारतीय पारी के 34.5 ओवर की है, जब गिल ने सिमोन हार्मर की गेंद पर स्लॉग स्वीप लगाया। शॉट लगाते ही गिल को गर्दन के पास खिंचाव महसूस हुआ। दर्द उनके चेहरे पर साफ नजर आ रहा था, जिसके बाद फिजियो मैदान पर आए और चर्चा के बाद उन्हें बाहर ले गए।
लंबे समय बाद ऋषभ पंत की वापसी
शुभमन गिल के बाहर जाने के बाद ऋषभ पंत बल्लेबाजी के लिए उतरे, जो इंग्लैंड दौरे पर चोटिल होने के बाद तीन महीने से भी अधिक समय बाद भारतीय टीम में नजर आ रहे हैं। पंत का लंबे वक्त बाद मैदान पर उतरना देखकर कोलकाता के फैंस ने तालियों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। पंत ने क्रीज पर रहते हुए 27 रन का योगदान दिया, जबकि रवींद्र जडेजा 11 और ध्रुव जुरेल 5 रन बनाकर खेल रहे हैं।
साउथ अफ्रीका 159 पर सिमटा
मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी, लेकिन यह फैसला उन पर भारी पड़ गया। साउथ अफ्रीका पहली पारी में सिर्फ 159 रन ही बना सका। एडेन मार्करम ने सर्वाधिक 31 रन बनाए। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने सर्वाधिक 5 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव को 2-2 सफलताएं हाथ लगीं। भारत ने लंच तक 4 विकेट खोकर 138 रन बना लिए हैं।
