ग्वालियर: गोला का मंदिर इलाके में बाइक सवार 3 नकाबपोश बदमाशों ने ई-रिक्शा में बैठी महिला से झपट्टा मारकर सोने की चेन, हार और मगलसूत्र लूट लिया। घटना भाऊसाहब पोतनीश ग्राउंण्ड के सामने हुई है। घटना के बाद आरोपी तेज रफ्तार बाइक से मुरार की तरफ भाग गये। पीडित पक्ष ने तत्काल थाने में खबर दी। पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुरार स्थित काशीपुरा के नजदीक सिंहपुर रोड निवासी गीता राणा बहन आशा, सिया और भतीजी तनु के साथ मेला घूमकर ई-रिक्शा से वापिस घर लौट रही थी।
भाऊसाहब पोतनीस ग्राउंड के सामने पहुंचते ही बिना नम्बर की बाइक पर आये 3 बदमाश पीछे से पहुंचे। झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन, हार और मंगलसूत्र लूट कर फरार हो गये। अचानक हुई वारदात से घबराई महिला ने शोर मचाया तो भीड़ जमा हो गई। घटना के बाद वह सीधे घर पहुंचीं और परिजनों को बताया। परिजन उन्हें लेकर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आसपास सर्चिंग की, लेकिन आरोपियों का सुराग नहीं लग सका।
