सीहोर। आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने पुलिस की मुस्तैदी परखने के लिए शनिवार देर रात जिले के भेरूंदा और गोपालपुर क्षेत्र का भ्रमण किया.
पुलिस कप्तान निरीक्षण के दौरान रात 11 बजे अचानक लाड़कुई पुलिस चौकी पहुंचीं, जहां पुलिसकर्मियों में अपेक्षित सतर्कता का अभाव मिला. डायल 112 के कर्मचारी भी सजग नहीं पाए गए. ड्यूटी के दौरान मिली इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है. मामले में पृथक से कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अधीक्षक श्रीमती सक्सेना ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. एसपी ने भेरूंदा और गोपालपुर क्षेत्र में अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था और लंबित आपराधिक प्रकरणों की समीक्षा की. उन्होंने अपराधों पर अंकुश लगाने, वारंटियों की धरपकड़ तेज करने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए. संवेदनशील क्षेत्रों में पेट्रोलिंग बढ़ाने, रात्रिकालीन चेकिंग प्वाइंट सक्रिय रखने और त्योहारों के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने पर जोर दिया. एसपी ने गोपालपुर में प्रस्तावित थाना भवन के लिए चिन्हित जमीन का निरीक्षण कर स्थल की उपयुक्तता, पहुंच मार्ग, आवश्यक सुविधाओं और सुरक्षा संबंधी पहलुओं का जायजा लिया. थाना प्रभारी को निर्माण से जुड़ी विभागीय औपचारिकताएं समयसीमा में पूरी कराने के निर्देश दिए. साथ ही उन्होंने आमजन के साथ शालीन व्यवहार रखते हुए सुरक्षा का भरोसा कायम करने और त्योहारों के दौरान सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के लिए निर्देशित किया.
