
सागर। मध्य प्रदेश के सबसे बड़े टाइगर रिजर्व वीरांगना रानी दुर्गावती (नौरादेही) टाइगर रिजर्व से फिर खुशखबरी आई है. यहां बाघिन N-6 चार शावकों के साथ कैमरे में कैद हुई है. जबकि पिछले एक महीने से N-6 को लापता बताए जा रहा था और उसके कॉलर आईडी के सिग्नल न मिलने की भी बात सामने आ रही थी, लेकिन टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा एक वीडियो जारी किया गया है, जिसमें N-6 बाघिन चार शावकों के साथ दिखाई दे रही है.जहां तक N-6 बाघिन की बात करें, तो पिछले करीब एक महीने से इसका पता नहीं था. चर्चा तो यहां तक थी कि बाघिन टाइगर रिजर्व से लापता हो गई है और उसका रेडियो कॉलर भी काम नहीं कर रहा है. टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा पूरे इलाके में मुनादी भी कराई जा रही थी और लोगों को सतर्क किया जा रहा था. हालांकि नौरादेही टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर रजनीश कुमार सिंह का कहना है कि “N-6 बाघिन ना तो लापता हुई थी और ना ही किसी संकट में थी.उसका रेडियो कॉलर काफी पुराना हो गया था और हम उसे बदलने के लिए उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन जब आज उसकी तस्वीर सामने आई है. तब हमें अंदाजा लगा है कि N-6 बाघिन सुरक्षित प्रसव के लिए जंगल के कोर एरिया में महफूज जगह पर थी. हम आसपास के इलाकों में मुनादी इसलिए कर रहे थे, क्योंकि गांव के लोग जंगल में जाने के दौरान सुरक्षित रहे.डिप्टी डायरेक्टर रजनीश कुमार सिंह ने बताया है कि N-6 बाघिन के चार शावकों के साथ नजर आने पर तय हो गया है कि पिछले साल ही पेंच से नौरादेही टाइगर रिजर्व आई N-6 बाघिन ने यहां पर अपने आप को अनुकूल कर लिया है. चार शावकों के जन्म देने से यह भी साफ हो गया है कि वह अपने आप को यहां पर सुरक्षित महसूस कर रही है.हालांकि N-6 बाघिन कहां और किस रेंज में देखी गई है, इसका खुलासा टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा सुरक्षा कारणों से नहीं किया गया है, लेकिन प्रबंधन का कहना है कि N-6 बाघिन पूरी तरह सुरक्षित है और हमारे वनकर्मी उसकी सुरक्षा में मुस्तैद हैं. वह फिलहाल टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में है.”
देखा जाए तो नौरादेही टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या 30 तक पहुंच गई है. इसके पहले दिसंबर माह में मदर ऑफ नौरादेही कही जाने वाली बाघिन राधा (N-1) तीन शावकों के साथ नजर आई थी. गौरतलब है कि N-6 वह बाघिन है, जो पिछले साल पेंच टाइगर रिजर्व में सूअर के शिकार के चक्कर में सूअर के साथ ही कुएं में गिर गई थी. जिसका रेस्क्यू करके नोरादेही टाइगर रिजर्व में छोड़ा गया था.
