एनएसयूआई का प्रदर्शन: मंत्री प्रतिमा बागरी के इस्तीफ़े की मांग तेज

भोपाल: नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने राजधानी में ज़ोरदार प्रदर्शन करते हुए राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि वह मंत्री प्रतिमा बागरी के भाई की गिरफ्तारी के बाद सामने आए ड्रग नेटवर्क को संरक्षण दे रही है। एनएसयूआई नेताओं का कहना है कि लगभग 50 किलो गांजा बरामद होने के बावजूद सरकार कार्रवाई से बच रही है, जिससे पूरे मामले पर ऊंचे स्तर से पर्दादारी का संदेह गहराता जा रहा है।

एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने राज्य सरकार से सीधा सवाल किया कि इतनी बड़ी बरामदगी के बाद क्या सरकार मंत्री प्रतिमा बागरी से इस्तीफ़ा मांगेगी और क्या उनके घर पर भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। चौकसे ने आरोप लगाया कि सरकार मामले को दबाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि एनएसयूआई कार्यकर्ता मुख्यमंत्री निवास तक गांजा पत्तियों की माला लेकर जाना चाहते थे, ताकि पूछ सकें कि जब मंत्रियों के घरों से ही नशे का नेटवर्क चल रहा है तो यह स्पष्ट है कि ड्रग रैकेट को सरकारी संरक्षण प्राप्त है। चौकसे ने चेतावनी दी कि सरकार की नीतियां प्रदेश को “उड़ता मध्यप्रदेश” बनाने की दिशा में ले जा रही हैं।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित करीब 50 एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ड्रग नेटवर्क पर ठोस कार्रवाई नहीं करती और मंत्री प्रतिमा बागरी इस्तीफ़ा नहीं देतीं, तो राज्यभर में आंदोलन और अधिक तेज किया जाएगा।

Next Post

गबन के आरोपी को पुलिस ने किया इंदौर से गिरफ्तार

Tue Dec 9 , 2025
बैतूल। जनपद पंचायत भीमपुर एवं चिचोली में हुये 13 करोड के गबन के मामले के आरोपी को पुलिस ने इंदौर से गिरफ्तार किया है। पुलिस जनसंपर्क अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार 19 मार्च 2025 को फरियादी इंदिरा मेहतो जिला समन्वयक अधिकारी जिला बैतूल द्वारा एक लिखित आवेदन पत्र प्रस्तुत […]

You May Like