
मुरैना, 05 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुरैना जिले की अंबाह नगर पालिका की अध्यक्ष अंजली जैन के पति और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) के वरिष्ठ नेता जिनेश जैन के खिलाफ पुलिस ने दो अलग मामलों में दो प्राथमिकी दर्ज की हैं। अंबाह के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस ( एसडीओपी ) रवि कुमार भदौरिया ने आज बताया कि कल रात नगर पालिका द्वारा आयोजित जयश्वर महादेव मेला में एक धार्मिक आयोजन चल रहा था और उसमें तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाया जा रहा था। बोर्ड परीक्षाओं के चलते कलेक्टर मुरैना अंकित अस्थाना ने रात दस बजे के बाद लाउडस्पीकर न बजाए जाने के आदेश के तहत पुलिस उसे बंद कराने मेला परिसर पहुंची और उसने माइक बंद करने को कहा, लेकिन नपा अध्यक्ष पति जिनेश जैन ने कलेक्टर के आदेश को नहीं मना और उल्टे पुलिस कर्मियों के साथ धक्का मुक्की की और उनके मोबाइल फोन छीन लिए। इसी दौरान अंबाह भाजपा के महामंत्री उवेश जैन के साथ भी जिनेश जैन ने मारपीट की।
पुलिस ने दो अलग अलग शिकायतों के आधार पर नपा अध्यक्ष पति के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और मारपीट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की हैं। उधर नपा अध्यक्ष अंजली जैन के पति और भाजपा के वरिष्ठ नेता जिनेश जैन ने कहा कि नपा द्वारा आयोजित मेले में आयोजित कार्यक्रमों में पुलिस कोई सहयोग नहीं कर रही बल्कि आयोजनों में पुलिस कर्मी शराब पीकर अव्यवस्था फैलाती है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ पुलिस ने जानबुझकर उसे बदनाम करने के लिए झूंटी एफआईआर दर्ज की हैं। उन्होंने कहा कि उनके साथ जिन पुलिस कर्मियों ने अभद्रता की है वे उन पुलिस कर्मियों के खिलाफ करवाई करने के लिए एसपी मुरैना और चंबल जोन के पुलिस महानिरीक्षक से शिकायत कर रहे हैं।
