सतना: मैहर जिले की ताला थाना पुलिस द्वारा नदी किनारे सुनसान स्थान पर दबिश देते हुए 60 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जप्त करने के साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।थाना प्रभारी ताला महेन्द्र मिश्रा से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम ललितपुर नं. 02 में नदी किनारे कोइलहरी घाट के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से बिक्री हेतु कच्ची महुआ शराब रखे हुए है।
सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई। बिना समय गंवाए छापेमारी करने पर संदेही रंजीत कुमार मांझी उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम कन्देहली, ललितपुर नं. 01 के कब्जे से 04 नग प्लास्टिक के डिब्बों में रखी कुल 60 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद कर ली गई। जब्त शराब की कीमत लगभग 12,000 आंकी गई। जिसे देखते हुए आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया।
