
जबलपुर। बरेला थाना अंतर्गत नेशनल हाईवे बाईपास पर निरमा फैक्ट्री के सामने बने हाईवे पुल पर एक तेज रफ्तार काले रंग की कार ने आगे जा रही मोटरसाइकिल को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक सवार तीन युवक हवा में उछलकर सडक़ पर दूर तक घिसट गए। इस दर्दनाक हादसे में मोटरसाइकिल चला रहे एक युवक की मेडिकल अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, वहीं दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हैं ।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, संदीप कुमार धुर्वे (23), निवासी धनगवां रैयत शहपुरा, का अपने साथी सत्यम मरावी और कमलेश मरावी के साथ स्प्लेंडर मोटरसाइकिल एमपी 51 जेडडी 7006 पर सवार होकर जबलपुर से वापस अपने गांव डिंडौरी जा रहा था। बाइक कमलेश मरावी चला रहा था। जैसे ही वे बरेला टोल नाके को पार कर निरमा कंपनी के सामने हाईवे पुल के ऊपर पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक काले रंग की कार क्रमांक एमपी 20 एक्सडी 6794 के चालक ने अपनी गाड़ी को अत्यंत तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि तीनों युवक सडक़ पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची एम्बुलेंस की मदद से तीनों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया। मोटरसाइकिल चला रहे कमलेश मरावी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं संदीप कुमार धुर्वे और सत्यम मरावी का इलाज चल रहा है।
