सीतामढ़ी , 08 अगस्त (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज कहा कि 883 करोड़ रुपये की लागत से पुनौराधाम मंदिर एवं परिसर का समग्र विकास किया जायेगा।
श्री कुमार ने सीतामढ़ी जिले की पावन और पौराणिक धरती पुनौरा धाम में भव्य माता जानकी मंदिर निर्माण की आधारशिला रखने के बाद यहां आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये कहा कि सीतामढ़ी जिले के पुनौराधाम की पावन धरती पर माता सीता का जन्म हुआ था, यह काफी पवित्र स्थल है। उन्होने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पुनौराधाम मंदिर परिसर के विकास के लिए पहले से भी अनेक कार्य कराए गए हैं। आज 883 करोड़ रुपये की लागत से यहां माता सीता के भव्य मंदिर के निर्माण के साथ ही मंदिर परिसर के समग्र विकास की वृहद योजना का शिलान्यास किया गया है।
श्री कुमार ने कहा कि मां जानकी के मंदिर परिसर का पूरे तौर पर विकास किया जाएगा, इसके लिए यहाँ पूर्व से उपलब्ध 17 एकड़ भूमि के अलावा 50 एकड़ भूमि अधिग्रहित की जा रही है। उन्होने कहा कि जमीन अधिग्रहण के बाद कुल 67 एकड़ भूमि पर माँ जानकी के भव्य मंदिर एवं परिसर का विकास कार्य बेहतर ढंग से कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीतामढ़ी जिले में विकास के अनेक कार्य कराए गये हैं।यहां जो जरूरतें या कमियां रह गई हैं उन्हें दूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा अयोध्या से सीतामढ़ी के बीच रेलमार्ग और सड़क मार्ग विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय मंत्री अमित शाह के द्वारा सीतामढ़ी से दिल्ली के लिए आज नई ट्रेन की भी शुरुआत की गयी है।
