दिल्ली सरकार के कुप्रबंधन के कारण दूषित हो रहा है पानी: सैनी

नई दिल्ली 31 जनवरी (वार्ता) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यमुना के पानी की गुणवत्ता को लेकर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा है कि हरियाणा दिल्ली को स्वच्छ पानी देता है लेकिन दिल्ली सरकार के कुप्रबंधन के कारण पानी दूषित हो रहा है।

श्री सैनी ने शुक्रवार को वजीराबाद स्थित यमुना घाट पर हरियाणा से लिए गए यमुना के पानी और दिल्ली से लिए पानी के सैंपल मीडिया को दिखाते हुए कहा कि इन दोनों में जमीन आसमान का अंतर है। दिल्ली में दूषित पानी यमुना में डाला जा रहा है। दिल्ली की जनता को पिछले दस वर्षों से गंदा पानी पीने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में दस वर्षों में काम नहीं हुए और अब श्री केजरीवाल अपनी नाकामियों को छिपाते हुए घटिया राजनीति पर उतर आए है।

मुख्यमंत्री ने दिल्ली सरकार पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा ,“ हम यमुना नदी के माध्यम से दिल्ली को स्वच्छ जल देते है लेकिन अपने कुप्रबंधन से दिल्ली की सरकार यमुना को प्रदूषित कर देती है। यमुना का यही पानी हमें फरीदाबाद में मिलता है तो इसकी गुणवत्ता बेहद खराब होती है, जिससे कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां होने का खतरा पैदा हो रहा है। ”

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने अरविंद केजरीवाल की चाल और चरित्र को पहचान लिया है, इसलिए दिल्ली की जनता अब उनका सूपड़ा साफ करेगी। उन्होंने कहा कि श्री केजरीवाल ने दस वर्षों में दिल्ली का विकास नहीं किया और ध्यान भटकाने के लिए हरियाणा पर आरोप लगा रहे है। उन्होंने कहा कि हरियाणा से यमुना में छोडे़ जा रहे पानी को पल्ला घाट पर उन्होंने खुद पीया है। दिल्ली से छोडे़ गए पानी को कोई पी भी नहीं सकता।

श्री सैनी ने कहा कि केन्द्र सरकार ने नाले, तालाबों की सफाई, सीवरेज सिस्टम ठीक करने सहित अन्य कार्यों के लिए साढ़े आठ हजार करोड़ रुपये दिए, जिनका हिसाब किताब नजर नहीं आ रहा। मुख्यमंत्री का काम जनता को सुविधाएं देने का होता है, परन्तु दिल्ली में तो सुविधाएं नजर ही नहीं आ रही।

 

 

Next Post

अड़ीबाजी और तोड़फोड़ के मामले में सात आरोपी गिरफ्तार

Fri Jan 31 , 2025
भोपाल, 31 जनवरी (वार्ता) भोपाल के टीलाजमालपुरा थाना क्षेत्र में अड़ीबाजी, वाहनों में तोड़फोड़ और चाकूबाजी के मामलों के सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सूत्रोें के अनुसार टीलाजमालपुरा थाना क्षेत्र में एक सप्ताह के दौरान अड़ीबाजी, मारपीट, चाकूबाजी और वाहनों में तोड़फोड़ की तीन शिकायतें दर्ज […]

You May Like