परंपरागत तरीके से मनाया जाएगा दशहरा पर्व

रीवा,  रीवा की गौरवशाली दशहरा परंपरा को कायम रखते हुए नगर विजयादशमी उत्सव समिति द्वारा इस वर्ष भी दशहरा पर्व भव्य एवं पारंपरिक तरीके से मनाया जाएगा. आगामी 20 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले इस महाआयोजन में रावण, मेघनाद और कुंभकरण के विशाल पुतलों का भगवान श्रीराम के हाथों दहन किया जाएगा. कार्यक्रम के दौरान सुमधुर संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, आकर्षक विद्युत सजावट और भव्य आतिशबाजी मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी.

आयोजन की तैयारियों को लेकर होटल सागर गैरे में आयोजित पत्रकारवार्ता में नगर विजयादशमी उत्सव समिति के संरक्षक सियाराम गुप्ता, बीरेन्द्र गुप्ता एवं प्रकाश तारानी, अध्यक्ष महेन्द्र सराफ, उपाध्यक्ष प्रभात दीक्षित ‘गुड्डू’, कोषाध्यक्ष मोहित गुप्ता, मीडिया प्रभारी प्रमोद दीक्षित ‘छोटू’ तथा महासचिव देवेश कुमार सोनी ने संयुक्त रूप से आयोजन की जानकारी दी. समिति पदाधिकारियों ने बताया कि नगर विजयादशमी उत्सव समिति द्वारा दशहरा पर्व का आयोजन नगरवासियों के लिए किया जाता है. आयोजन स्थल पर मंचीय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का निर्माण तथा भगवान श्रीराम के हाथों पुतला दहन की व्यवस्था समिति द्वारा की जा रही है.

55 फीट ऊंचा होगा रावण का पुतला

दशहरा पर्व को भव्य स्वरूप देने के लिए इस वर्ष 55 फीट ऊंचा रावण, जबकि 50-50 फीट ऊंचे मेघनाद और कुंभकरण के पुतले तैयार किए जा रहे हैं. पुतलों के निर्माण के लिए बाहर से आए कारीगरों द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है. आयोजन स्थल पर शाम 6 बजे से दर्शकों का प्रवेश शुरू होगा. बाहर से आए कलाकारों द्वारा सुमधुर भजनों, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय एवं उत्सवमय बनाया जाएगा. इसके बाद परंपरागत रूप से भगवान श्रीराम द्वारा रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया जाएगा.

प्रवेश और सुरक्षा व्यवस्था प्रशासन के जिम्मे

समिति ने स्पष्ट किया कि आम दर्शकों के आवागमन, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था और प्रवेश द्वारों से संबंधित व्यवस्थाएं जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम के अधीन रहेंगी. समिति की ओर से नगरवासियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आमंत्रण पत्र दिए जाएंगे तथा निर्धारित प्रवेश व्यवस्था के लिए गेट पास भी जारी किए जाएंगे. गेट नंबर-1 से आयुक्त निवास के सामने से राजनिवास की बगीचा की ओर से प्रवेश की व्यवस्था रहेगी. इसी मार्ग से महाराजा पुष्पराज सिंह जूदेव, दिव्यराज सिंह सहित गणमान्य नागरिकों के प्रवेश की व्यवस्था बताई गई है. गेट नंबर-2 से भी दशहरा मैदान में प्रवेश रहेगा. आम दर्शकों के लिए गुप्ता पेट्रोल पंप के बगल से लाडली लक्ष्मी मार्ग तथा सेंट्रल एकेडमी स्कूल के सामने से प्रवेश की व्यवस्था रहेगी.

सभी के लिए नि:शुल्क रहेगा प्रवेश

नगर विजयादशमी उत्सव समिति ने बताया कि यह आयोजन नगर एवं जिले के आम नागरिकों के लिए पूर्णत: नि:शुल्क रहेगा. समिति ने नगरवासियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर दशहरा पर्व की इस पारंपरिक और भव्य आयोजन व्यवस्था में शामिल होने की अपील की है. समिति पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम, विद्युत विभाग सहित आयोजन से जुड़े सभी विभागों एवं सहयोगियों से आवश्यक सहयोग की अपील की है. समिति ने कहा कि दशहरा पर्व रीवा की गौरवशाली परंपरा और नगरवासियों के सामूहिक उत्सव का प्रतीक है, जिसे इस वर्ष और अधिक भव्यता के साथ आयोजित किया जा रहा है.

Next Post

सरई कोल यार्ड में अनियमितताओं के आरोप, 122.59 करोड़ के मालभाड़े को लेकर रेलवे पर उठे सवाल

Sun Oct 18 , 2026
सिंगरौली। सरई रेलवे स्टेशन के कोल यार्ड में कोयले के परिवहन और भंडारण को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। कांग्रेस नेता अरुण जायसवाल ने रेलवे प्रशासन और संबंधित कंपनियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। कांग्रेस नेता के […]

You May Like