नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (वार्ता) कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने शंघाई विश्व कौशल प्रतिस्पर्धा 2026 में पुरस्कृत राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) के प्रतिनिधियों और विशेषज्ञों के सोमवार को यहां मुलाकात की।
मंत्रालय की एक विज्ञप्ति में कहा गया है श्री सिंह ने विजेताओं और विशेषज्ञों से मुलाकात की। निफ्ट की टीम और विशेषज्ञों ने कपड़ा मंत्री और सचिव (टेक्सटाइल्स) नीलम शमी राव के साथ बातचीत में अपने अनुभव सुनाये। उन्होंने फैशन और क्रिएटिव सेक्टर में भारत की वैश्विक उपस्थिति को मजबूत करने में कौशल, नवाचार और उद्योगों की तैयारी की भूमिका पर अपने अनुभव और विचार साझा किए।
निफ्ट के प्रतिभागियों ने शंघाई में डिजिटल इंटरैक्टिव मीडिया डिज़ाइन, रिटेल सेल्स और फैशन टेक्नोलॉजी में दो सिल्वर मेडल और एक ‘मेडल फॉर एक्सीलेंस’ जीतकर भारत का नाम रोशन किया। मंत्री ने इस अवसर पर निफ्ट की राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कृत प्रतिभावों से भी मुलाकात की।
मंत्री ने कहा कि शंघाई की उपलब्धि वैश्विक मानकों, उभरती टेक्नोलॉजी और स्किल डेवलपमेंट में उत्कृष्टता के प्रति निफ्ट की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
